जनमंच में प्राप्त हुई 158 शिकायतें व मांगें, 100 का निपटारा

Crime Solan
DNN सोलन

राज्य समन्वयक जनमंच एवं चीफ विह्प नरेन्द्र बरागटा की अध्यक्षता में आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोठों में आयोजित जनमंच में लगभग 2500 लोग उपस्थित रहे।
आज के जनमंच में कुल 158 शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं। इनमें से 47 शिकायतें एवं मांगें पूर्व जनमंच अवधि में प्राप्ति हुईं। 100 शिकायतों एवं मांगों का मौके पर ही निपटारा संभव बनाया गया।
मुख्य सचेतक नरेन्द्र बरागटा ने इस अवसर पर कहा कि टैंक रोड-सेरी-डमरोग-जटोली सम्पर्क मार्ग के लिए 1.52 करोड़ रुपए का आकलन तैयार कर प्रेषित कर दिया गया है तथा शीघ्र ही इस मार्ग को ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने सोलन से शील वाया अणु मार्ग पर निजी बस सेवा आरम्भ करने की सम्भावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि विभिन्न परिवहन तथा निजी बस सेवाओं की समय सारिणी को सही लागू किया जाए। उन्होंने सोलन शहर में विभिन्न क्षेत्रोें की मांग पर मुद्रिका बस सेवा आरम्भ करने की सम्भावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि सोलन शहर के वार्ड नम्बर 9 तथा 10 में सीवरेज प्रणाली को तीन माह में आरम्भ कर दिया जाएगा। उन्होंने टैंक रोड-सेरी-डमरोग-जटोली सम्पर्क मार्ग पर अवैध निर्माण की जांच के लिए तहसीलदार सोलन, नगर नियोजन विभाग सोलन तथा नगर परिषद सोलन को 12 सितम्बर, 2019 को संयुक्त जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशु पालन विभाग की व्यवहारिक समस्याओं को प्रदेश सरकार से उठाया जाएगा।
नरेन्द्र बरागटा ने निर्देश दिए कि सोलन के साथ लगती 11 ग्राम पंचायतों में ठोस कूड़ा-कचरा प्रबन्धन के लिए उपायुक्त सोलन की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी। इन ग्राम पंचायतों में ठोस कचरा निपटान के लिए शीघ्र ही कचरा निपटान एवं पुनःचक्रण संयन्त्र स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने विद्युत बोर्ड लिमिटिड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न क्षेत्रों में कम वोल्टेज तथा अन्य समस्याओं के निपटारे के लिए समयबद्ध कार्य करें। उन्होंने कहा कि नगर नियोजन से सम्बन्धित विभिन्न विषयों के निपटारे के लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र ठाकुर की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है।
जनमंच में 03 जन्म प्रमाण पत्र, 31 हिमाचली प्रमाण पत्र, 12 आय प्रमाण पत्र बनाए गए। 14 व्यक्तियों को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध करवाई गई। 32 इन्तकाल किए गए। अनुसूचित जनजाति के 05 प्रमाण पत्र बनाए गए। आज के जनमंच में 42 व्यक्तियों का आधार कार्ड बनाने के लिए पंजीकरण किया गया।
जनमंच के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निःशुल्क शिविर में 292 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें से 32 रोगियों के नेत्रों का परीक्षण किया गया।
आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क जांच शिविर में 201 रोगियों का स्वास्थ्य जांचा गया। होम्योपैथी चिकित्सकों द्वारा 110 रोगियों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क जांच शिविर में दूध के 69 नमूने एकत्र किए गए। मल के 99 नमूने एकत्र किए गए।

News Archives

Latest News