स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, स्वास्थ्य शिक्षा, आयुर्वेद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विपिन सिंह परमार ने आज मंडी जिला के करसोग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सवामाहूं में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा व करसोग के विधायक हीरालाल भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थे। इस बार का जनमंच कार्यक्रम ग्राम पंचायत सवामांहूं के अतिरिक्त सरत्योला, कांढी सपनोट, मेहरन, खील, चुराग, बगशाड, मनोला नराश, सैंथल तथा परलोग दस पंचायतों के ग्रामीणों पर केंद्रित रखा गया।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में अपने छह माह के कार्यकाल में कई अभूतपूर्व निर्णय लिए हैं, जिससे प्रदेश की समस्त जनता लाभान्वित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम का आयोजन इन्हीं में से एक है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों व कई बार पारिवारिक मजबूरियों के कारण लोग अपनी समस्याओं के हल के लिए संबंधित विभागों के पास समय पर नहीं पहुंच पाते। जनमंच कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे लोगों की समस्याओं के निदान के लिए प्रदेश सरकार स्वयं उनके घर-द्वार पर पहुंच रही है और जनसेवा के संकल्प को मूर्त रूप प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की मूल भावना लोगों की समस्याओं का घर-द्वार पर निवारण है।
सासंद राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कई कल्याणकारी निर्णय ले रही है और लोगों को उनके घर-आंगन में विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को चयनित विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज क्षेत्र में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिससे लोगों को विभिन्न सुविधाएं सुनिश्चित हो रही हैं।
करसोग के विधायक हीरालाल ने जनमंच कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया और लोगों से आग्रह किया कि वे इस तरह के कार्यक्रमों का भरपूर लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जिला स्तर के सभी अधिकारी एक ही मंच पर जन समस्याओं के निराकरण के लिए उपलब्ध हैं जोकि प्रदेश सरकार की दूरदर्शी व जन कल्याणकारी सोच को दर्शाता है।
जनमंच में प्राप्त हुई 220 शिकायतें
सवामाहूं में आयोजित जनमंच के अंतर्गत कुल 220 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से 150 का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया। इसी प्रकार पूर्व जनमंच गतिविधियों के दौरान कुल 83 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 77 का निपटारा कर लिया गया है। अन्य शिकायतें ई-समाधान के माध्यम से संबंधित विभागों को निपटान हेतु प्रेषित की जा रही हैं। कार्यक्रम में लगभग चार हजार से अधिक लोगों ने अपनी सहभागिता जताई।
इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 99, आयुर्वेद शिविर में 203 तथा रेडक्रास सोसायटी द्वारा आयोजित वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य जांच शिविर में 103 लोगों की जांच की गई। गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत 21 दस्तावेज तैयार किए गए और 20 डिजिटल राशन कार्ड तैयार करने के साथ ही उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन पर एचपी ईपीडीएस मोबाइल एप्प डाऊनलोड कर उन्हें डिजिटल राशन कार्ड भी दिए गए। मतदाता पहचान पत्र सहित निर्वाचन संबंधी 99 सेवाएं भी उपलब्ध करवाई गई।




















