चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को DC ने दिए ये निर्देश

Politics Solan

DNN सोलन

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने कहा कि मतदान अधिकारी एवं कर्मचारी मतदान वाले दिन अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें ताकि स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी आज नौणी स्थित डाॅ. यशंवत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के सभागार में 54-कसौली निर्वाचन क्षेत्र (अनुसूचित जाति) के मतदान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रथम चरण की रिहर्सल के दौरान उपस्थित मतदान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मतदान अधिकारियों से कहा कि ईवीएम और वीवीपैट को सुरक्षित चलाएं और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन करें।  
इस दौरान सहायक रिर्टनिंग अधिकारी एवं एसडीएम सोलन रोहित राठौर ने उपस्थित सैक्टर मैजिस्ट्रेट, सैक्टर अधिकारियों तथा मतदान कर्मचारियों को मतदान वाले दिन की ड्यूटी के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। पीठीसीन अधिकारी और पोलिंग अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।  
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रातःकालीन सत्र में मतदान कर्मियों को बताया गया कि मतदान वाले दिन माॅक पोल करवाना होगा तथा वास्तविक मतदान शुरू होने से पूर्व की जानकारी संबंधित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिर्टनिंग अधिकारी को देनी होगी। लोकसभा चुनावों के लिए कसौली विधानसभा क्षेत्र में 99 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी एवं तीन पोलिंग अधिकारी तैनात रहेंगे। 
सांयकालीन सत्र में मतदान कर्मचारियों को हैंड्स आॅन प्रशिक्षण प्रदान किया गया जिसमें उन्हें ईवीएम और वीवीपेट की जानकारी प्रदान की गई। मतदान कर्मचारियों ने ईवीएम एवं वीवीपैट के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण हासिल किया। 

News Archives

Latest News