DNN नाहन
28 अक्तूबर। कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाइवे-07 पर आम्बवाला के समीप एक चलती कार में अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। गनीमत यह रही कि समय रहते कार में सवार व्यक्ति उतर गया और उसकी जान बच गई। अलबत्ता आगजनी में वाहन मालिक को तकरीबन 6 लाख रूपए का नुक्सान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार सुमित कुमार निवासी नाहन जब हाइवे से गुजर रहे थे, तभी उनकी हुंडई वरना कार नंबर एचपी-71-5657 में अचानक आग लग गई। आग लगी देख सुमित तुरंत कार से बाहर निकल आए। फिर क्या था, कार में आग बुरी तरह से फैल गई और देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड नाहन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार आगजनी की भेंट चढ़ चुकी थी।
फायर बिग्रेड नाहन के अग्निशमन अधिकारी पिनाम सिंह सैन ने पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और कार में लगी आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि वाहन मालिक के अनुसार आगजनी से करीब 6 लाख का नुक्सान हुआ है।















