DNN कुल्लू ब्यूरो
15 सितम्बर। शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने जिलावासियों को सायर सक्रांति की शुभकामनाएं दी हैं। अपने एक संदेश में उन्होंने कहा कि सायरोत्सव रिश्तों को प्रगाढ़ करने का उत्सव है। इस दिन लोग अपने रिश्तेदारो के घरों में जाकर अखरोट व दूब का आदान-प्रदान करते हैं। अपने बड़ों के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। गोविंद ठाकुर ने कहा कि भाद्रपद जिसे काला महीना कहा जाता है, के समाप्त होने पर रक्षा बंधन के समय बहनों द्वारा भाईयों की कलाई पर बांधे गये रक्षा सूत्र को उतारकर पानी में बहाया जाता है। खरीफ की फसल की कटाई की खुशी में भी इस त्यौहार को मनाने की परंपरा है। उन्होंने कहा कि अनेक परंपराओं से युक्त यह उत्सव लोगों में उमंग, उत्साह व खुशी का माहौल पैदा करता है। गोविंद ठाकुर ने लोगों से त्यौहार को मनाते समय फेस कवर व सामाजिक दूरी को बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट ने अनेक परम्पराओं को अलग प्रकार से परिभाषित किया है। इसलिए आवश्यक है कि हम सर्वप्रथम अपनी व परिवार की सुरक्षा का ख्याल रखें।















