
DNN धर्मशाला
शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में उच्च स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा दे रही है ताकि उभरते हुये खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को निखारा जा सके। प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के खेल-कूद की आधारभूत सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए ठोेस कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अन्तर्गत राज्य सरकार प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में एक खेल का मैदान विकसित करेगी। इस उद्इेश्य के लिए 6.80 करोड़ रुपये का बजट का प्रावधान रखा गया है।
सरवीन चौधरी ने शनिवार को नगर परिषद् मैदान, कांगड़ा में भारतीय खेल विकास बोर्ड द्वारा आयोजित किये गये दो दिन तक चलने वाले चक दे इण्डिया कबड्डी लीग के सेमी फाईनल और फाईनल मुकाबलों का शुभारंभ करने के उपरांत बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मौजूद खेल कूद सुविधाओं के पुनरूद्धार के लिए 2 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
चक दे इण्डिया कबड्डी लीग में 60 लड़कों एवं 60 लड़कियों ने भाग ले रहे हैं। लड़कों के लिए प्रथम पुरस्कार 1.71 लाख, द्वितीय 1 लाख, तीसरा 51 हजार और चौथा 31 हजार रुपये रखा गया है। लड़कियों के वर्ग मेें प्रथम पुरस्कार 1.21 हजार, दूसरा 71 हजार, तीसरा 51 हजार और चौथा पुरस्कार 31 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त सर्वश्रेष्ठ ‘कैचर और रेडर’ के लिए एलईडी टीवी का पुरस्कार रखा गया है।
शहरी विकास मंत्री ने सभी टीमों के खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर नवाजा।
















