DNN मंडी (सरकाघाट)
07 जुलाई। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सरकाघाट में एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामला सरकाघाट के परुआ क्षेत्र में सामने आया जब एक कार में सवार 2 व्यक्ति खाना बनाने आए रसोईए को उसके घर छोड़कर वापिस लौट रहे थे। उसी दौरान परूआ में उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए जानकरी दी कि मृतक की पहचान दयाल चंद के रूप में हुई हैं। हादसे की सूचना पुलिस को ग्रामीणों ने दी।
जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जाँच में जुट गई। डीएसपी ने बताया की कार गिरने की आवाज़ सुन कर गाँव के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे व कार में सवार दोनों व्यक्तियों को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाया और सरकाघाट अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर द्वारा दयाल चंद को मृत घोषित कर दिया जबकि जोगिंद्रपाल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज नेरचौक रैफर कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।















