डीएनएन बददी
मुख्यमंत्री जी अब तो प्रदेश में भाजपा की सरकार बन चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने विस चुनावों के चुनावी घोषणा पत्र में टोल टैक्स हटाने का वायदा किया था, यह वायदा अब पूरा कर दो। ऐसा पत्र हिमाचल प्रदेश लघु उद्योग भारती के महासचिव राजीव कंसल ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को लिखा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने पत्र में लिखा है कि इस घोषणा का प्रदेश में हर जगह स्वागत किया गया था। इस मुददे के कारण बार्डर एरिया की अधिकांश सीटें भाजपा के खाते में गई थी। अब हमें पता चला है कि आबकारी एवं कराधान विभाग टोल टैैक्स बैरियर को हटाने की बजाय पुन: लगा रहा है जिससे बार्डर एरिया के सब लोग आहत है। जीएसटी के बाद सब टैक्स मर्ज हो गए तो इसको लगाने का कोई औचित्य नहीं है। हमें पता है कि इसको हटाने में सरकार को राजस्व का नुक्सान भी होगा लेकिन भरपाई किसी और तरीके से की जाए। बैरियरों को हटाने से हुए घाटे को प्रदेश सरकार पैट्रोल या डीजल पर 10 पैसे प्रति लिटर टैक्स लगाकर भरपाई करे तो इसका फायदा सबको मिलेगा। आम जन के साथ साथ पूरे उद्योग जगत को इसका लाभ मिलेगा। पूरे भारत में कहीं भी एंट्री टैक्स टोल बैरियर की प्रथा नहीं है और यह सिर्फ हिमाचल में ही लागू है। हिमाचल में आने पर पर्यटकों व बाहरी लोगों के समक्ष टोल के रुप में एक विकृत छवि जाती है वहीं इससे जाम को भी बढ़ावा मिलता है और कई बार रात्रि में लोगों से बदसलूकी की वारदातें सामने आती है। इस प्रकार अगर आपकी सरकार टोल टैक्स हटाती है तो पूरे हिमाचल में भाजपा सरकार की भी एक बहुत अच्छी छवि जाएगएी और भाजपा का चुनावी वादा भी पूरा हो जाएगा।
















