DNN कुल्लू
29 जून। शिक्षा मन्त्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने जारी एक प्रैस ब्यान में कहा कि पिछले कल केन्द्रीय वित एवं कॉर्पोरेट कार्य मन्त्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी द्वारा देश की अर्थव्यवस्था को गती प्रदान करने के लिए 6 लाख 30 हजार करोड़ रूपये का आर्थिक पैकेज महामारी के इस कठिन दौर में देश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इस वृहत पैकेज में अर्थव्यवस्था के सभी पहलुओं को गती प्रदान करने के लिए राहत प्रदान की गई है। गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में पर्यटन का महत्वपूर्ण स्थान है, प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन व्यवसाय को पटड़ी पर लाने के लिए ब्याज सहायता प्रदान की जा रही है इसी प्रकार केन्द्र सरकार ने इस व्यवसाय से जुड़े करीब ग्यारह हजार टूरिस्ट गाइड एवं ट्रेवल एजेंसी को भारत सरकार द्वारा एक लाख से दस लाख रूपये तक का वर्किंग कैपिटल. पर्सनल लोन, कोरोना प्रभावित क्षेत्रों के लिए ‘नई लोन गारन्टी योजना’ के तहत प्रदान किया जाएगा। इस योजना से प्रदेश के ट्रेवल एजेंट तथा टूर ऑपरेटर लाभान्वित होंगे। गोविन्द सिंह ठाकुर ने विदेशी पर्यटकों के लिए पांच लाख मुफ्त वीजा प्रदान किये जाने के भारत सरकार के निर्णय की भी सराहना की और कहा कि इस योजना से भारत में विदेशी पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि होगी, कोविड-19 से पूर्व वर्ष 2019 में देश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या करीब 1 करोड 10 लाख के करीब थी, विदेशों से आने वाले पर्यटक देश में औसतन 21 दिन रुकते हैं और करीब 2400 रूपये प्रतिदिन व्यय करते हैं जिससे देश की अर्थव्यवस्था को करीब 264 करोड़ रूपये का व्यापार मिलता है ।
गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि पर्यटन से सम्बंधित वित मन्त्रालय की घोषणाएं हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके अतिरिक्त प्रधानमन्त्री गरीब कल्याण अन्न योजना को नवम्बर 2021 तक बढाए जाने के मोदी सरकार के निर्णय के लिए शिक्षा मन्त्री ने प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, वित मन्त्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी एवं वित राज्य मन्त्री श्री अनुराग ठाकुर जी का धन्यवाद व्यक्त किया।















