DNN शिमला
16 अक्तूबर। कोरोना संकट के बीच हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने 17 अगस्त से 20 सितंबर तक ली स्नातक डिग्री कोर्स के छठे सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विवि ने बीए, बीएससी, बीकॉम, बीए ऑनर्स, बीएससी ऑनर्स अंतिम सेमेस्टर के घोषित नतीजों को ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिया है। इसे छात्र और कॉलेज दिए गए लॉगइन आईडी से देख सकेंगे।
बता दें कि अंतिम सेमेस्टर के करीब 37 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें अभी तीन कोर्सों बीबीए, बीसीए और शास्त्री के नतीजे आना बाकी है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि बीए का परीक्षा परिणाम 57 फीसदी, बीकॉम का 70 फीसदी जबकि बीएससी का पास प्रतिशत सबसे कम 49.95 फीसदी रहा है।
उल्लेखनीय हो कि प्रदेश विवि की ओर से कोरोना संकट के बावजूद आयोजित की गई पहली बड़ी परीक्षा का यह परिणाम है। विवि ने हजारों छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भर के 134 परीक्षा केंद्रों में एसओपी के तहत इंतजाम किए। परीक्षाएं 17 अगस्त से बीस सितंबर तक आयोजित की गई थी।















