कृषि विज्ञान केंद्र चंबा के वैज्ञानिक को वैश्विक सम्मेलन में सम्मान

Others Solan

Dnewsnetwork

कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), चंबा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. धर्मिंदर कुमार को कृषि एवं संबद्ध विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ केवीके प्रमुख पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार हाल ही में महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान, चंडीगढ़ में आयोजित 7वें वैश्विक कृषि सम्मेलन एग्रीकल्चरल ग्लोबल रिसर्च एंड इनोवेशन मीट फॉर एक्सीलेंसइंगेजमेंट एंड ट्रांसफॉर्मेशन के दौरान प्रदान किया गया। इस सम्मेलन का आयोजन अग्री मीट फाउंडेशन द्वारा जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर तथा रूस की दक्षिण फेडरल यूनिवर्सिटी के सहयोग से किया गया।

यह सम्मान डॉ. कुमार को उनके प्रभावी नेतृत्व, समर्पित प्रसार सेवाओं तथा चंबा जिले में कृषि प्रौद्योगिकी के उन्नयन और किसानों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया। उनके गतिशील मार्गदर्शन में केवीके चंबा नवाचारपूर्ण कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने, क्षमता निर्माण पहलों को सुदृढ़ करने तथा प्रभावी क्षेत्रीय हस्तक्षेपों को लागू करने में एक अग्रणी संस्था के रूप में उभरा है। संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रदर्शनों एवं प्रौद्योगिकी प्रसार के माध्यम से केवीके ने किसानों की उत्पादकता और आय में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने डॉ. कुमार के प्रयासों की सराहना की और उन्हें इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी। विस्तार शिक्षा निदेशक एवं विश्वविद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने भी डॉ. कुमार को इस सम्मान के लिए हार्दिक बधाई दी।

News Archives

Latest News