DNN सोलन/नौनी
7 नवम्बर। राष्ट्रीय जैविक एवं प्राकृतिक खेती केंद्र, गाजियाबाद द्वारा वित्त पोषित कार्यक्रम के अन्तर्गत, सोलन के कृषि विज्ञान केन्द्र ने जिला के कृषि अधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जिसमें 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का समन्वयक डॉ सीमा ठाकुर ने बताया की राष्ट्रीय जैविक एवं प्राकृतिक खेती केंद्र गाजियाबाद से डॉ रूचि सोनी तथा श्री रवि ने इस कार्यक्रम में अधिकारियों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा केन्द्र द्वारा चलाई जा रही परियोजनाओं के बारे में अवगत करवाया। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. जितेन्द्र चौहान ने अधिकारियों से आह्वान किया कि किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर प्रोत्साहित करें।
केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ सीमा ठाकुर, डॉ राजेश ठाकुर, डॉ अनुराग शर्मा तथा डॉ मीरा ने अधिकारियों को प्राकृतिक खेती में उपयुक्त आदानों को बनाने की प्रक्रिया का विस्तृत रूप से प्रदर्शन किया। डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी से सब्जी विज्ञान विभाग में प्रधान वैज्ञानिक डॉ कुलदीप ठाकुर ने अधिकारियों को प्राकृतिक खेती तथा जैविक खेती पर प्रशिक्षण देते हुए कहा कि जैविक खेती को अपनाने की प्रेरणा देने के साथ-साथ अधिकारियों को जैविक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में भी किसानों को ज्ञान देने की आवश्यकता है। उन्होंने प्राकृतिक खेती पर जोर देते हुए अधिकारियों से किसानों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।