DNN कुल्लू
02 अगस्त। उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि जिला में बाहरी क्षेत्रों में अभी तक कुल 12,760 लोगों ने प्रवेश किया है। इन सभी व्यक्तियों को क्वारंटीन किया गया। इनमें से 11,695 लोगों ने क्वारंटीन की आवश्यक अवधि को पूरा कर लिया है जबकि 1,065 लोग अभी भी क्वारंटीन पर हैं। उन्होंने निगरानी समितियों को निर्देश दिए हैं कि क्वारंटीन के नियमों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित बनाई जाए। कोई व्यक्ति यदि क्वारंटीन नियमों का उल्लंघन करते पाया जाता है, तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि क्वारंटीन के नियमों को तोड़ना संबंधित परिवार के लिए भी बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता है। यदि व्यक्ति कोरोना पाॅजिटिव पाया जाता है तो स्वाभाविक है कि उसके परिजन भी संकट में आ सकतेे हैं। इसलिए परिवार के सदस्यों को क्वारंटीन कर रहे व्यक्ति पर हर समय नजर रखनी चाहिए, उसका सहयोग करना चाहिए और स्वयं भी एहतियात बरतनी चाहिए।
6277 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं जिला से
डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि कोविड-19 के तहत जिला के विभिन्न भागों से अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीमों तथा भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा कुल 6,277 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 5,910 नमूनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 330 सैंपलों की रिपोर्ट रविवार रात्रि तक आने की संभावना है जबकि कुल 37 लोग कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जिला में रिकवरी दर काफी बेहतर है। कुल 20 लोग स्वस्थ होकर अपने घर चले गए हैं जबकि 17 एक्टिव मामले हैं। उन्होंने जिला वासियों से अपील की है कि कोरोना का खतरा बरकरार है और किसी भी प्रकार की असावधानी व्यक्ति को संकट में डाल सकती है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक अपने घरों से बाहर न निकलने की आदत डालनी चाहिए। सड़कों में, बाजार में अथवा सार्वजनिक स्थल पर अनावश्यक भीड़ उत्पन्न न करें। बिना फेस कवर के घरों से बाहर न निकलें और खरीददारी करते समय अपने आप सामाजिक दूरी की अनुपालना करें। एहतियात बरतने से कोरोना संकट से पार पा सकते हैं।
.0.















