DNN नाहन (राकेश नंदन )
हरियाणा की सीमा से सटे हिमाचल के कालाअंब क्षेत्र में एक कथित फाइनेंस कंपनी ने दर्जनों ग्राहकों को ठगी का शिकार बनाया है। कालाअंब पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि कथित कंपनी में कालाअंब के उपभोक्ताओं ने लक्की ड्रा प्लान व अन्य प्लान में 3 करोड़ से अधिक धन लगाया था। लेकिन, कंपनी की ओर से दी गई पालिसी की मैच्योरिटी होने के बाद भी उन्हें पैसा नहीं मिला है। पुलिस को सौंपी शिकायत में लाल पिपल, मोगीनंद निवासी शबनम ने कंपनी ने कालाअंब में लोगों की अलग-अलग पॉलिसी कर तीन करोड़ रुपये हड़पे हैं।
शिकायत में बताया गया है कि कंपनी ने निवेश का दोगुना पैसा देने का झांसा देकर ग्राहकों को मैच्योरिटी डेट के चेक व बांड भी जारी किए थे। लेकिन, पॉलिसी की मैच्योरिटी होने के बाद ग्राहकों ने जब चेक अपने खातों में जमा किए तो चेक बाउंस हो गए। जब कंथित कंपनी से इस बारे बात की गई तो एनईएफटी के माध्यम से पैसे का भुगतान करने की बात कही लेकिन, अभी तक कोई पैसा उनके खातों में नहीं आया है। बताया जा रहा है कि कंपनी का आफिस हरियाणा के अंबाला में है। इस पर कालाअंब पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।


















