DNN शिमला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सेवादल को चुस्त दुरुस्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। 4 नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। सेवादल के प्रदेश प्रभारी राम विलास रावत और प्रदेशाध्यक्ष अनुराग शर्मा की संस्तुति पर अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष लालजी देसाई ने फेरबदल पर मोहर लगाई है। जिला शिमला ग्रामीण, जिला चम्बा, जिला हमीरपुर तथा जिला सिरमौर कांग्रेस सेवादल के नए जिला अध्यक्षों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए। इसके साथ ही उक्त जिलों के अध्यक्ष पद का कार्यभार देख रहे अध्यक्षों को प्रदेश सचिव पद पर पदोन्नत किया है।
जिला हमीरपुर की कमान राजीव चौपड़ा को सौंपी गई है। हरदेव सिंह राणा को जिला सिरमौर का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जीत सिंह राणा को जिला कांग्रेस सेवादल शिमला ग्रामीण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। महाशु कुमार को कांग्रेस सेवादल जिला चम्बा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
संगठन में अच्छा कार्य करने पर पालमपुर के निवर्तमान अध्यक्ष त्रिलोक चंद, हमीरपुर के निवर्तमान अध्यक्ष मदन लाल कौंडल और सिरमौर के निवर्तमान अध्यक्ष संदीप बत्तरा को प्रदेश कांग्रेस सेवादल के सचिव नियुक्त किया है।















