कबड्डी एसोसिएशन रच सकती है नया इतिहास, एशिया के सबसे ऊंचे गांव में होगी प्रतियोगिता

Solan Sports

DNN सोलन

हिमाचल प्रदेश में कबड्डी का नया इतिहास रचने के लिए सोलन में हिमाचल प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन ने एक बैठक के दौरान रणनीति तैयार की। बैठक के दौरान चर्चा की गई कि इस बार एशिया के सबसे ऊंचे गांव जोकि लाहौल स्पीति में पड़ता है, में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित करवाई जाएगी और इस प्रतियोगिता को रिकॉर्ड में भी दर्ज करवाने के लिए आवेदन किया जाएगा।
सोलन में प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन की बैठक प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार नीटू की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से कबड्डी एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष व महासचिवो व प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक के विषय में जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि बैठक में कबड्डी को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार की गई। इसके अलावा वर्ष 2020 व 21 में राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि बैठक में लाहौल स्पीति के कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष ने यह प्रस्ताव रखा कि कबड्डी को बढ़ावा देने के लिए एशिया के सबसे ऊंचे गांव कॉमिक में ग्रामीण स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित करवाई जा सकती है। वहां पर इस प्रतियोगिता को करवाने के लिए उचित मैदान हैं। साथ ही यह भी कोशिश की जाएगी कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से कबड्डी का नया रिकॉर्ड व इतिहास दर्ज हो सके। एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रतियोगिता की तिथि जल्द घोषित कर दी जाएगी। इसके अलावा सीनियर वर्ग की महिला/पुरूष वर्ग की राज्य स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट जिला बिलासपुर में होगी।

जबकि जूनियर वर्ग की महिला/पुरूष वर्ग की कबड्डी टूर्नामेंट जिला सिरमौर में आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार सब जूनियर वर्ग की राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता जिला मंडी में आयोजित की जाएगी। संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रतियोगिताओं की तिथियां शीघ्र जारी कर दी जाएगी। प्रतियोगिता में पुलिस विभाग,फॉरेस्ट,साई हॉस्टल बिलासपुर,क्रीडा हॉस्टल मंडी,धर्मशाला,आईटीबीपी सहित कई टीमें भाग लेंगी। प्रदेशायक्ष राजकुमार ने कहा कि कबड्डी को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए एसोसिएशन हर संभव प्रयास कर रही है।

Watch video

News Archives

Latest News