DNN आनी (चमन)
आउटर सिराज़ का दिल कहे जाने वाले और आनी की शान ऐतिहासिक राजा रघुवीर सिंह मैदान की बेकद्री लगातार जारी थी । प्रशासन और पंचायत से इसकी सुंदरता को बनाए रखने के लिए लगातार कहा जा रहा था । जिले की ऐतिहासिक धरोहरों में शुमार राजा रघुवीर सिंह स्टेडियम सैकड़ों सालों का इतिहास अपने में समेटे हुए है । सैकड़ों साल पुराने इस मैदान और स्टेडियम का अपना ही एक ऐतिहासिक महत्व है। जहां लगने वाले मेलों-त्यौहारों,राजनैतिक एवं धार्मिक आयोजनों समेत खेल-कूद गतिविधियों के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है ।
आखिर इसकी गरिमा और महत्व को बनाए रखने के लिए आनी प्रशासन ने ठोस कदम उठाते हुए यहाँ से गाड़ियों को हटा दिया है। एसडीएम आनी चेत सिंह ने कहा कि अब यहाँ कोई भी वाहन प्रवेश नहीं होगा । प्रशासन ने गाड़ियों के प्रवेश द्वार पर गहरी खाईयां खोद दी है ताकि कोई भी वाहन यहाँ प्रवेश न कर सकें । एसडीएम आनी चेत सिंह ने कहा कि पुरातात्विक महत्व की इन धरोहरों के सौंदर्यकरण और स्वच्छता को लेकर सभी को सजग होना होगा ताकि इन ऐतिहासिक महत्व की धरोहरों को सुरक्षित रखा जा सके ।















