DNN शिमला (रमेश वर्मा)
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से 35 किलोमीटर दूर ठियोग नगर के समीप देवरीघाट पंचायत के कई गावों में एनएच पांच से बारिश का पानी लोगों के खेतों व पंचायत की सड़कों में घुसने से काफी नुकसान हो रहा है। पंचायत प्रधान सुरेश वर्मा ने बताया कि बुधवार को हुई भारी बारिश के दौरान नवोदय के समीप एनएच से पानी खड्ड की शक्ल में उनकी पंचायत के निचले गांवों में आ गया। इस पानी का बहाव इतना अधिक था कि इससे ग्रामीण हिरा सिंह के मकान को खतरा उत्पन्न हो गया है। इस पानी से कई किसानों के खेतों में कटाव हो रहा है। नंगलदेवी धमांदरी सड़क भी जगह जगह से क्षतिग्रस्त हो रही है।
पंचायत प्रधान और उपप्रधान सहित स्थानीय ग्रामीण वीरवार को ठियोग स्थित विभाग के कार्यालय में पहुंचे और अधिकारियों से एनएच से बारिश के पानी की निकासी बराबर करने के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विभाग की ओर से जल्द सभी कल्वर्टों को नहीं खोलता है तो सड़क के पानी से नुकसान सह रहे सभी ग्रामीण मिलकर दस दिन के भीतर विभाग के कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे। एनएच से नाले की शक्ल में देवरीघाट पंचायत में आ रहा पानी। पंचायत प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से आग्रह किया है कि नंगलदेवी से रहीघाट तक सड़क से पानी की निकासी को दुरूस्त किया जाए। उन्होंने बताया कि सड़क पर अधिकतर कल्वट बंद पड़े हैं और नंगलदेवी से लेकर सारा बारिश का पानी हिमफैड के गोदाम के समीप एकत्र होकर नीचे बसे गावों में घुस रहा है।



















