एटीएम में पैसे डालने को लेकर 54 लाख की हेराफेरी मामला दर्ज

Crime Mandi

DNN मंडी

हिमाचल प्रदेश के विभिन्न एटीएम में पैसा डालने वाली एक निजी कंपनी के 2 कर्मचारियों द्वारा करीब 54 लाख रुपए की हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। यह कर्मचारी एटीएम मशीनों में कम पैसा डालते थे और झूठी कैश रिपोर्ट कंपनी को देते थे। मामला कंपनी के ऑडिट में पकड़ा गया। जिसके बाद कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले की शिकायत भूपेंद्र सिंह धर्मपुर पुलिस थाने में दी है। शिकायत में उन्होंने बताया कि वह एक निजी कंपनी में ब्रांच मैनेजर के पद पर तैनात हैं। कंपनी का कार्यालय कांगड़ा में है और मुख्य कार्यालय नारायण बिहार दिल्ली में है। यह कंपनी बैंक इंडस्ट्री के साथ जुड़ी हुई है और एटीएम में कैश मैनेजमेंट (कैश लाने और डालने) का कार्य देखती है।

शिकायत में बताया गया कि आरोपी नरेंद्र सिंह और बाउनिश राणा मंडी और सरकाघाट के हब में कंपनी के एटीएम कस्टोडियन के पद पर तैनात हैं। कस्टोडियन की ड्यूटी है कि वह एटीएम तक कैश लेकर जाएं और उसे एटीएम मशीन में डालें। इन कस्टोडियन को मैनुअल लॉगइन, पासवर्ड और ओटीपी के लिए कंपनी की ओर से अधिकृत किया गया होता है। जिससे वह एटीएम का संचालन करके पैसे डालें और बाद में कैश बैलेंस रिपोर्ट कंपनी प्रबंधन को सौंपे।

शिकायत में बताया गया कि 16 और 17 दिसंबर को ऑडिटर राजीव चंद ने इस हब का ऑडिट किया गया। ऑडिट में एटीएम में डाले गए कैश में से 54 लाख 78 हजार 500 रुपये का अंतर निकला । आरोप है कि इन दोनों कर्मचारियों ने कैश में बड़ी हेराफेरी की है। आरोप लगाया कि आरोपी कर्मचारी एटीएम में पैसा कम डालते रहे और फर्जी रिपोर्ट कंपनी प्रबंधन को भेजते रहे। उधर, ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता 406, 409, 420, 465, 467, 469 व 120-बी,34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

News Archives

Latest News