आवश्यकतानुसार पैट्रोल पंप स्थापित करे आईओसी : महेंद्र सिंह ठाकुर

Politics Solan

DNN सोलन 

सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य, सैनिक कल्याण तथा बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने इंडियन आॅयल काॅरपोरेशन (आईओसी) से आग्रह किया है कि वे हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत ऐसे स्थानों पर पैट्रोल पंप सुविधा उपलब्ध करवाएं जहां वर्तमान में पैट्रोल पंप नहीं है। उन्होने कहा कि ऐसे पैट्रोल पंपों की स्थापना के लिए भूमि प्रदेश सरकार द्वारा चिन्हित की जाएगी। महेंद्र सिंह ठाकुर आज सोलन जिला के नालागढ़ में इंडियन आॅयल काॅरपोरेशन द्वारा स्थापित पेट्रोल पंप का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस पेट्रोल पंप की स्थापना में हिमाचल प्रदेश एग्रो इंडस्ट्रीज काॅरपोरेशन ने सहयोग प्रदान किया है।

महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण प्रदेश में वर्तमान में भी अनेक ऐसे स्थान हैं जहां 40 से 50 किलोमीटर के दायरे में पैट्रोल पंप की सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर पैट्रोल पंप स्थापित करने से जहां लोगो को सुविधा प्राप्त होगी वहीं आईओसी एवं प्रदेश सरकार को भी लाभ होगा। सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एग्रो इंडस्ट्रीज काॅरपोरेशन आईओसी के साथ मिलकर अनेक कार्य करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में आईओसी द्वारा प्रदेश में पाइपलाइन के माध्यम से गैस सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना है तो इस दिशा में एग्रो इंडस्ट्रीज काॅरपोरेशन सहायक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने पाइप लाईन के माध्यम से गैस उपलब्ध करवाने का कार्य एग्रो इंडस्ट्रीज काॅरपोरेशन को सौंपने की संभावनाएं तलाशने पर बल दिया। हिमाचल प्रदेश एग्रो इंडस्ट्रीज काॅरपोरेशन के महाप्रबंधक प्रताप सिंह चैहान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा काॅरपारेशन की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नालागढ़ स्थित आईओसी के पैट्रोल पंप पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

 

News Archives