DNN सोलन
कुछ समय पहले कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए नेताओं ने फिर दोबारा कांग्रेस का दामन थामने का सिलसिला जारी रखा हुआ है। सोलन कांग्रेस से कुछ समय पहले नाराज होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए पलक राम कश्यप के बाद अब नेता विनोद कुमार भी आम आदमी पार्टी को छोड़कर दोबारा कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
मंगलवार को बकायदा कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद उन्होंने सोलन में कांग्रेस के प्रत्याशी धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में शामिल होना उनका गलत निर्णय था और इसका अहसास होते ही वह दोबारा कांग्रेस में वापिस आ गए हैं। वही सोलन से कांग्रेस के प्रत्याशी धनीराम शांडिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस बार कांग्रेस की पूरी लहर है और यही कारण है कि किसी प्रकार के मनमुटाव के चलते पार्टी छोड़कर दूसरे दलों में शामिल हुए नेता घर वापसी भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे मनमुटाव के चलते कुछ लोग पार्टी छोड़कर चले गए थे लेकिन अब वे वापस लौट रहे हैं, उन्होंने सभी का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि इस बार बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार हिमाचल में बनना तय है इस मौके पर विनोद कुमार के अलावा आम आदमी पार्टी में रहे प्रताप सिंह ठाकुर ने भी कांग्रेस का दामन थामा।















