DNN धर्मशाला
25 नवम्बर: जिलाधीश कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने सर्दियों के दौरान जिला में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित हिमपात एवं इसके चलते उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से बेहतर तरीके से निपटने और प्राकृतिक आपदा के बेहतर प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन की पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बुधवार को धर्मशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सर्दियों के मौसम में भारी हिमपात व उससे होने वाले नुकसान की स्थिति से निपटने के उपायों पर चर्चा की।

राकेश प्रजापति ने पूर्व तैयारी के तौर पर हिमपात वाले क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के पर्याप्त भंडारण व उपलब्धता सुनिश्चत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामान्यतः जिला का बड़ा एवं छोटा भंगाल क्षेत्र व मैकलोडगंज क्षेत्र हिमपात से प्रभावित होता है। इन क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों के पर्याप्त भंडारण और आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध करवाने के अलावा जरूरी मशीनरी तैयार रखी गई है। उन्होंने लोगों से किसी आपात स्थिति में आपातकालीन नंबर 1077 पर संपर्क करने का आग्रह किया है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन सहित विभिन्न विभागांे के अधिकारी उपस्थित थे।
















