DNN मंडी
हिमाचल के मंडी जिला में एक महिला की हिम्मत की हर तरफ तारीफ हो रही है। इस महिला पर अचानक से तेंदुआ झपट गया और महिला ने झाडू व डंडे से ही उसका मुकाबला करके स्वयं को बचाया। मामला रिवालसर क्षेत्र की जनेड़ पंचायत के चांबी गांव कहा है। यहां के निवासी बलदेव सिंह की पत्नी सेबकी देवी घर पर अकेली थी। रात करीब 12 बजे उनके घर में बंधा पालतू कुत्ता बार बार भौंक रहा था। महिला को शक हुआ कि बाहर कोई है और कुत्ता उस पर भौंक रहा है।
जैसे ही महिला ने घर का दरवाजा खोला तेंदुआ एकदम उस पर झपट गया। इसके कारण उसके सिर, मुंह व बाजुओं पर गहरी खरोंचें आई हैं। काफी संघर्ष के बाद महिला ने आंगन में पड़े डंडे व झाडू़ से तेंदुए पर वार किए और स्वयं को उससे बचाया और कुत्ते को उससे बचाकर रखा।
घायल होने पर महिला ने 108 पर फोन किया और 108 एम्बुलैंस की टीम सूचना के बाद मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया। महिला के बेटे प्रवीण ने बताया कि तेंदुए द्वारा किए गए हमले की शिकायत वन विभाग को कर दी गई है।


















