अब से हेलीकाप्टर कर सकेंगे चंडीगढ़ से शिमला का सफर

Himachal News Others Politics
DNN शिमला
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला के समीप जुब्बड़हट्टी हवाई पट्टी से शिमला से चण्डीगढ़ के बीच हेली-टैक्सी सेवा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। हेली-टैक्सी शिमला से प्रातः 8 बजे चलेगी और 8.20 पर चण्डीगढ़ पहुंचेगी और इसी दिन वापिस शिमला के लिए प्रातः 9 बजे उड़ान भरेगी। इस सेवा के हवाई टिकट का मूल्य सभी करों सहित 2999 रुपये प्रति व्यक्ति है। टिकट पवन हंस की वैबसाइट पर खरीदे जा सकते हैं। टिकट की बिक्री के लिए हवाई अड्डे पर विशेष काउंटर स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के दूरदराज तथा प्रसिद्ध पर्यटन गंतव्यों के लिए हवाई सुविधा प्रदान करने से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस सेवा के प्रथम चरण में हेली-टैक्सी शिमला से चण्डीगढ़ के बीच सप्ताह में दो बार अर्थात सोमवार तथा शुक्रवार को उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह यह सेवा चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य गंतव्यों के लिए भी आरम्भ की जाएगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने अपना अधिकारिक हेलीकॉप्टर आम लोगों की आवाजाही के लिए प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि शिमला और चण्डीगढ़ जैसे दो प्रसिद्ध गंतव्यों के बीच हेली-टैक्सी की प्रभावी सुविधा प्रदान करने से प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा प्रदेश में उच्च श्रेणी के सैलानियों को आकर्षित करने का एक बेहतर माध्यम होगी।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए आवागमन की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार प्रथम चरण में मनाली तथा रोहतांग के बीच भी हेली-टैक्सी सेवा आरम्भ करेगी। केन्द्र सरकार की उड़ान योजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रदेश के प्रसिद्ध गन्तव्यों को हवाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकारी देवी, धर्मशाला, चम्बा इत्यादि के लिए हेली-टैक्सी जॉय राईड आरम्भ करने की संभावनाओं को भी तलाशा जाएगा।

News Archives

Latest News