DNN सोलन
सोलन शहर के लोगों को अब नगर निगम की पार्किंगों में भारी भरकम पैसे वाहन पार्क करने के लिए नहीं देने होंगे। शहर की पार्किंगों को नगर निगम ने अपने अधीन ले लिया है। जिसके बाद अब सरकारी रेट के हिसाब से ही पार्किंग के पैसे वसूले जाएंगे। इससे लोगों को राहत मिलेगी। शनिवार को शहर की अधीकतर पार्किंगों को नगर निगम ने अपने अधीन ले लिया है।
आपको बता दें कि जब तक यह पार्किंग ठेकेदारों के अधीन हुआ करती थी। तो नगर निगम के अधिकारियों को समय-समय पर ऐसी शिकायतें मिलती थी की पार्किंग में सरकार द्वारा तय की गई फीस से ज्यादा वसूली की जा रही है। अब पार्किंग में नगर निगम के अधीन कर्मचारियों के बैठने के बाद इस प्रकार की शिकायतों पर विराम लगने की उम्मीद है।

गौर रहे कि शहर की 11 पार्किंगें नगर निगम की है। इन पार्किंगों को नीलाम करने के लिए नगर निगम ने बोली रखी थी, लेकिन मौके पर ठेकेदारों व नगर निगम के अधिकारियों के बीच विवाद होने के बाद ठेकेदार बोली छोड़कर चले गए थे। जिसके बाद नगर निगम ने बोली रद करके पार्किंगों का संचालन स्वयं करना शुरू कर दिया है। नगर निगम की टीम ने शनिवार को शहर की 8 पार्किंगों कोअपने अधीन लेकर वहां पर अपने कर्मचारियों को बिठाने की व्यवस्था कर दी है। नगर निगम द्वारा पार्किगों को अपने अधीन लेने से लाभ मिलेगा और एक घंटा वाहन पार्क करने के मात्र 10 रुपए ही वसूले जाएंगे। जबकि 12 घंटे वाहन पार्क करने पर नगर निगम मात्र 80 रुपए की लेगी। इसके अलावा पूरे महीने तक वाहन पार्क करने वालों से 1200 रुपए वसूलें जाएंगे।
नगर निगम के एसडीओ गोपी चंद ने बताया कि नगर निगम ने बोली रद होने के बाद स्वयं की पार्किंगों का संचालन करने का फैसला लिया है। नगर निगम ने शनिवार को 11 पार्किंगों में से 8 का कब्जा ले लिया है।















