-बद्दी के उपयुक्त स्थान पर शीघ्र स्थापित होगी पुलिस चौकी तथा औषधालय
मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व तथा नगर नियोजन) राम कुमार ने छात्रों से आग्रह किया कि अध्यापकों की सीख को जीवन में उतारकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सदैव सक्रिय रहें। राम कुमार गत सांय सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र के बद्दी स्थित गोल्डन वैली पब्लिक स्कूल बद्दी के वार्षिक पारितोषिक समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
राम कुमार ने कहा कि छात्र के व्यक्तित्व में निखार लाने में शिक्षा महत्वपूर्ण सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और एकाग्र मन से निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। इस दिशा में शिक्षा महत्वपूर्ण कारक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के माध्यम से छात्रों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए शिक्षा अधोसरंचना को सुदृढ़ कर रही है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए इस वर्ष प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र पर 8828 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयास आने वाले समय में छात्रों को बेहतर माहौल में शिक्षा प्रदान करने में सहायक सिद्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दून विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सहित सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक आधोसंरचना को मज़बूत बना रही है। नागरिक अस्पताल बद्दी में शीघ्र ही नई डिजिटल एक्स रे मशीन के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सी.एस.आर के माध्यम से स्थापित यह मशीन बद्दी सहित आस-पास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को राहत प्रदान करेगी। लोगों की सुविधा के लिए एक नया औषधालय भी स्थापित किया जाएगा।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि बद्दी शहर में पुलिस अधोसंरचना को लगातार मज़बूत किया जा रहा है। शीघ्र ही बद्दी स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में उपयुक्त स्थान पर पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी।
राम कुमार ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए शीघ्र ही बद्दी में उपमण्डलाधिकारी कार्यालय कार्य करना आरम्भ कर देगा।
उन्होंने कहा कि बद्दी शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए शीघ्र ही नई योजनाएं क्रियान्वित की जाएगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बद्दी शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा अधिक से अधिक पौधे रोपित करें।
उन्होंने गोल्डन वैली पब्लिक स्कूल बद्दी के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी ओर से 10 हजार रुपए देने की घोषणा दी।
इस अवसर पर छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
प्रदेश कांग्रेस समिति उप कोषाध्यक्ष मदन लाल चौधरी, नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष तरसेम चौधरी, पार्षद सुरजीत चौधरी, संजीव कुंडलस, पाठशाला के अध्यक्ष भजन सिंह, प्रधानाचार्य रुचि दुबे व अन्य अध्यापक गण तथा बच्चों के अभिभावक इस अवसर पर उपस्थित रहे।















