अग्रिशमन कर्मचारियों की छुट्टियां बंद, बीड़ी-सिगरेट व माचिस की तिली को जंगल में न फेंके

Crime Solan

DNN सोलन
गर्मियां बढऩे के साथ ही आग लगने की घटनाएं भी बढऩा शुरु हो जाती हैं और इसे देखते हुए फायर सीजन में कर्मचारियों मिलने वाली छुट्टियां बंद कर दी गई हैं। 14 अप्रैल से फायर सीजन भी शुरु हो गया है, लेकिन फायर सीजन के दौरान विभाग को मिलने वाले अतिरिक्त फायर फाइटर्स भी अभी नहीं मिल पाए हैं। 14 अप्रैल से अग्रिशमन सेवा सप्ताह भी शुरु हो रहा है और इस दौरान लोगों को आग की घटनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस बार अभी तक मौसम ठंडा होने के कारण अभी आग लगने की घटनाएं भी कम ही सामने आ रही है, लेकिन जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी आग की घटनाओं में भी बढ़ौतरी हो जाएगी। 14 अप्रैल से फायर सीजन भी शुरु हो जाता है और ऐसे में अग्रिशमन विभाग के कर्मचारियों की छुट्यिां बंद कर दी गई हैं और अब कर्मचारियों को आपातकाल में ही छुट्टियां मिल पाएगी। यही नहीं हर वर्ष विभाग के अग्रिशमन केंद्र सोलन में 6 अतिरिक्त होमगार्ड जवानों को भेजा जाता है। वर्ष 2016 में भी मई माह में यह कर्मचारी केंद्र को मिले थे, वर्ष 2017 और 2018 में तो सोलन केंद्र को कोई भी अतिरिक्त कर्मचारी नहीं मिल पाए थे। विभाग का कहना है कि अभी कर्मचारी चुनावी ड्यूटियों में तैनात हैं और इसके बाद ही कर्मचारी मिल सकते हैं, लेकिन बता दें कि विभाग को पिछले वर्ष भी अतिरिक्त फायर फाइटर्स नहीं मिल पाए थे। अग्रिशमन सेवा सप्ताह हर वर्ष विभाग द्वारा मनाया जाता है व इस वर्ष भी 14 से 20 अप्रैल तक इसका आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान उद्योगों, स्कूलों व विभिन्न संस्थानों में जाकर जागरुकता अभियान चलाए जाएंगे। पर्चे बांटकर पर्यटकों व आम नागरिकों को आग की घटनाओं से बचाव की जानकारी दी जाएगी। यह सप्ताह 14 अप्रैल 1944 को मुंबई में एक मालवाहक जहाज में भीषण अग्रिकांड में जान गंवाने वालों की याद में मनाया जाता है। इसमें 66 अग्रिशमन कर्मचारियों व कुल 231 लोगों की जाने गई थी। अग्रिशमन अधिकारी राजाराम ने आम जनता से यह भी अपील की है कि आग के प्रति सचेत रहें। खाना बनाने के बाद गैस को रेगुलेटर से बंद करें। सावधानी के तौर पर जलती हुई बीड़ी-सिगरेट व माचिस की तिली को जंगल में न फेंके। जंगल की आग से कई बार मकानों को भी खतरा हो जाता है। जंगल की आग से मकानों को बचाने के लिए मकान के आसपास सफाई रखें और चीड़ आदि की सूखी पत्तियों को हटाते रहना चाहिए। अग्रिकांड के दौरान आग बुझाने में सभी को अपना सहयोग देना चाहिए।

News Archives

Latest News