अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में बहुत कुछ नया होगा इस बार-सरकैक

Himachal News Kullu Others

DNN कुल्लू

22 अगस्त। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी प्रशांत सरकैक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय लोक नृत्य उत्सव दशहरा में इस बार अनेक नये आकर्षण जोड़े जाएंगे। वह दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर जिला परिषद सभागार में एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहली बार सर्कस को दशहरा में स्थान देने के प्रयास किये जाएंगे। रथ मैदान में कलाकारों को खुला मंच प्रदान किया जाएगा जिसमें कोई भी आम आदमी आकर अपनी प्रस्तुति दे सकेगा। अटल सदन विलुप्त हो रहे थियेटर यानि रंगमंच को जिंदा रखने का साक्षी बनेगा। दो दिनों तक नाटकों का मंचन किया जाएगा। लोक वाद्य वृंद की प्रस्तुति कलाकेन्द्र में होगी जिसमें प्रदेश के सभी 12 जिलों की संस्कृति का समावेश किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत शास्त्रीय संगीत के साथ की जाएगी।
प्रशांत सरकैक ने कहा कि बेशक स्थानीय कलाकारों को सभी सातों संध्याओं में पूरा अधिमान दिया जाएगा, लेकिन इस बात का ख्याल रखा जाएगा कि उत्सव का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप बना रहे। इसके लिये विभिन्न देशों, देश के विभिन्न राज्यों तथा प्रदेश के समस्त जिलों की सांस्कृतिक झलक दशहरा में बखूबी दिखाई देगी। डिजिटल स्क्रीनों के माध्यम से सांस्कृतिक संध्याओं को ढालपुर मैदानों में भी लोग देख सकेंगे।
जिला दण्डाधिकारी ने कहा कि दशहरा उत्तरी भारत का सबसे बड़ा उत्सव है जहां हर रोज लाखों की संख्या में लोग व सैलानी आते हैं। उन्होंने दशहरा की स्टार नाईट के लिये सिने जगत के बड़े कलाकारों को स्पोन्सर (प्रायोजित) करने के लिये विभिन्न प्रायोजकों को आगे आने को कहा।
बैठक में जिला लोक संपर्क अधिकारी प्रेम ठाकुर, जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर, नायब तहसीलदार धर्मेन्द्र ठाकुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
.0.

News Archives

Latest News