DNN सोलन
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सोलन में अपने समर्थकों के साथ बैठक हुई। करीब 1 घंटे तक चली इस बैठक में शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी धनीराम शांडिल को लेकर काफी चर्चा हुई। कई कांग्रेसियों ने अपनी पार्टी के प्रत्याशी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री से शिकायतें व नाराजगी जताई। साथ उनकी अनदेखी का हवाला देकर चुनावों को लेकर चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री के साथ बैठक में कांग्रेसियों ने कहा प्रत्याशी धनीराम शांडिल के कार्यक्रमों की जानकारियां कांग्रेसियों को ही नहीं मिल पा रही है, ऐसे में वे प्रचार कैसे शुरू करें। इसके अलावा 20 अप्रैल को सोलन में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली पर चर्चा की गई। इस रैली को कामयाब बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शिमला से ऊना जा रहे थे। सोलन में वे पर्यटन विभाग के पूर्व निदेशक सुरेंद्र सेठी के घर पर रुके। जिसके बाद वहां पर पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल सिंह ठाकुर, रमेश ठाकुर, अरुण शर्मा सहित अन्य कांग्रेसी भी पहुंच गए और पूर्व मुख्यमंत्री से चुनावों को लेकर चर्चा की। कुछ समर्थकों ने पूर्व मुख्यमंत्री को यह भी कहा कि शांडिल यदि अपनी पार्टी के ही नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने में कामयाब नहीं हुए तो इससे कांग्रेस को नुकसान हो सकता है।















