DNN सोलन
सोलन शहर में एक व्यापारी पर रिवाल्वर तानने व इसी व्यापारी के घर में गोली चलवाने का षड्यंत्र रचने के आरोप में सोलन पुलिस ने हरियाणा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसे मंगलवार को हरियाणा से सोलन लाया जा रहा है और बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। एएसपी शिव कुमार शर्मा ने कहा कि इसके बाद दोनों मामलों में आगामी कार्यवाही होगी।
याद रहे कि सोलन के लोअर बाजार में एक व्यापारी के दफ्तर पर हरियाणा के 3 लोगों ने हमला किया था और इस दौरान एक व्यक्ति ने उस पर रिवाल्वर तानी थी। इस मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया था, जबकि 1 आरोपी फरार हो गया था। जिसकी पहचान पुलिस ने बिंदा के तौर पर की थी। इसी व्यक्ति पर इसी व्यापारी के घर में 2 लोगों से गोली चलवाने का षड्यंत्र रचने का आरोप भी है। इन दोनों मामलों में पुलिस आरोपी बिंदा को गिरफ्तार करके सोलन लाई है। एएसपी शिव कुमार शर्मा ने कहा कि बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और इसके बाद मामलों में आगामी जांच होगी।















