Dnewsnetwork
बददी
औद्योगिक क्षेत्र में बददी के तहत एक पत्नी द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपी घटना के बाद से फरार है। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि थाना मानपुरा में सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के गांव निचला खेड़ा में एक प्रवासी महिला की हत्या उसके पति द्वारा कर दी गई है तथा महिला का शव उसके कमरे में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। मृतका की पहचान संगीता पत्नी चुनू कुमार साहनी, निवासी गांव एवं डाकघर चिटखाल, जिला सीवान बिहार के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा कानूनी कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। प्राथमिक जांच में यह पाया गया कि मृतका की हत्या उसके पति द्वारा की गई है, जो घटना के उपरांत फरार हो गया है। अशोक वर्मा ने बताया कि मौके पर एफ.एस.एल. टीम द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए गए। इसके अतिरिक्त एस.पी. बद्दी तथा एस.डी.पी.ओ. बद्दी ने भी मौका का निरीक्षण किया। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।















