DNN सोलन
नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात की और उनके समक्ष सोलन में आगामी समय में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों को लेकर मुद्दा उठाया। शहर में नई पार्किंग, पार्क, पानी के टैंक व सड़कों के निर्माण को लेकर चर्चा हुई और प्रदेश सरकार से इसको लेकर बजट का प्रावधान करने की मांग की गई। इस मौके पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोलन नगर निगम के पार्षदों को आश्वासन दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का प्रारूप तैयार करके बजट के लिए सरकार के पास भेजें और सरकार तुरंत ही इसके लिए बजट मुहैया करवा देगी। ताकि किसी भी प्रकार की विकासात्मक गतिविधियां न रुके।
नगर निगम की मेयर पूनम ग्रोवर ने बताया कि मुख्यमंत्री के समक्ष पार्षदों ने सोलन नगर निगम में स्टाफ की कमी का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि स्टाफ पूरा न होने के कारण कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम में नया क्षेत्र भी शामिल हुआ है। ऐसे में अब अधिक कर्मचारियों की जरूरत है। जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्द ही कदम उठाने का आश्वासन भी दिया है।
















