Dnewsnetwork
सोलन पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए दो युवकों को 29.58 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना सदर सोलन के तहत धोबीघाट क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक सोलन साईं दत्तातरे वार्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने एक सूचना के आधार पर धोबीघाट स्थित एक मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मकान के एक कमरे में रह रहे दो युवकों के कब्जे से 29.58 ग्राम चिट्टा तथा 3,300 रुपए नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा उर्फ दीपांशु (20) निवासी धोबीघाट सोलन तथा राहुल (20) निवासी पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई। एसपी सोलन ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।















