#solan कसौली विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज प्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित  

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

01 अगस्त। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मन्त्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जन-जन को लाभान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सनावर में कसौली विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों को सम्मानित करने के उपरान्त समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
डॉ. सैजल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि, सरकार तथा लोगों के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी हैं एवं लोक कल्याण सुनिश्चित बनाने में इनका महत्व सर्वविदित है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में प्रदेश सरकार के सहयोग से सत्त एवं समावेशी विकास सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधि को दलगत राजनीति से उपर उठकर क्षेत्र का समान विकास सुनिश्चित बनाने के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने आशा जताई कि सभी प्रतिनिधि विकास को गति प्रदान करते हुए जन समस्याओं के निवारण में सदैव तत्पर रहेंगे।
आयुष मन्त्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार हिमाचल के सभी क्षेत्रों का एकसमान विकास सुनिश्चित बना रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कसौली एंव आस-पास के क्षेत्रों के लिए 103 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी कसौली पेयजल परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। यह परियोजना क्षेत्र की पेयजल की समस्या का समुचित निवारण करेगी। कण्डा में 11 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण किया जा रहा है जबकि धर्मपुर में 3.50 करोड़ रुपए व्यय कर खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय निर्मित किया जा रहा है।
डॉ. सैजल ने कहा कि मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर ने कसौली विधानसभा क्षेत्र में उपमण्डलाधिकारी कार्यालय खोलकर जहां वर्षों से लम्बित मांग को पूरा किया है वहीं धर्मपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को 50 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में स्तरोन्नत करने से स्थानीय लोगों सहित पर्यटक भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में शीघ्र ही समुचित संख्या में और चिकित्सक भी तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने पंचायती राज प्र्रतिनिधियों से आग्रह किया कि लोगों को गृहिणी सुविधा, आयुष्मान भारत, उज्जवला, हिमकेयर तथा सहारा जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं से पात्रता अनुसार लाभान्वित करवाएं।
स्वास्थ्य मन्त्री ने कहा कि पंचायती राज प्रणाली के महत्व को देखते हुए प्रदेश सरकार ने कुछ समय पूर्व पंचायती राज संस्थाओं के सम्पन्न चुनावों से पूर्व राज्य में प्रशासनिक एवं जन अपेक्षाओं की पूर्ति के दृष्टिगत अनेक नई ग्राम पंचायतां का गठन किया। सोलन जिला में 29 तथा कसौली विधानसभा क्षेत्र में 06 नई ग्राम पंचायतें गठित की गई। इनके गठन से सभी क्षेत्रवासी लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने आशा जताई कि सभी प्रतिनिधि कर्त्वय भावना के साथ कार्य करते हुए जनहित को सर्वोपरि रखेंगे।
डॉ. सैजल ने इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अमर सिंह परिहार तथा दर्पणा ठाकुर सहित 15 बीडीसी सदस्यों तथा 44 ग्राम पंचायतों के प्रधानों, उप प्रधानों एवं वार्ड सदस्यों सहित नगर परिषद परवाणु के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।
उन्होंने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने इस अवसर पर पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वह स्पष्ट सोच तथा दूरदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतन्त्र की मूल इकाई हैं और इनके माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित बनाया जा सकता है।
कृतिका कुल्हारी ने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अपनी-अपनी ग्राम पचांयत में स्वच्छता तथा ठोस कचरा प्रबन्धन की दिशा में कार्य करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन सदैव उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए तत्पर है।
भाजपा मण्डल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा ने सभी का स्वागत किया।
प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप,  जिला सहकारी विपणन एवं उपभेक्ता संघ के अध्यक्ष सुन्दरम ठाकुर, दुधारू सहकारी सभा के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, भाजपा मण्डल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, जोगेन्द्रा सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष यश्पाल ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सदस्य मदन मोहन मेहता, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य राजकुमार सिंगला, जिला भाजपा उपाध्यक्ष दौलत ठाकुर, जिला भाजपा महामन्त्री अमर सिंह परिहार, युवा बोर्ड के सदस्य संजय ठाकुर, जेसीसी सोलन के निदेशक लाज किशोर शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता तीर्थ राम ठाकुर, भाजयुमो सोलन के अध्यक्ष नरेन्द्र ठाकुर, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव धीमान, खण्ड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर सुभाष अत्री, तहसीलदार कसौली मनमोहन सहित अन्य अधिकारी तथा गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

News Archives

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *