Dnewsnetwork
सोलन, 21 अप्रैल : जिला सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए कई नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। ऐसा करके पुलिस ने सोलन जिला में सक्रिय कई नशा तस्करों के नेटवर्क को भी ध्वस्त किया है। एसपी अभिषेक सेकर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वर्ष 2026 में 21 अप्रैल तक मादक पदार्थ अधिनियम के तहत जिला में 49 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 107 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में 82 हिमाचल प्रदेश के जबकि 25 बाहरी राज्यों से संबंधित हैं। इसके अलावा गहन जांच के दौरान सप्लाई चेन को तोड़ते हुए पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से जुड़े 12 बड़े सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने के लिए सोलन पुलिस द्वारा रुस्तम योजना भी चलाई जा रही है। इस योजना के तहत रुस्तम वॉलंटियर्स स्कूलों, कॉलेजों, मेलों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। स्किट, संवाद और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया जा रहा है। अब तक करीब 16,000 लोगों और विद्यार्थियों को जागरूक किया जा चुका है।















