-प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बागवानों से किया संवाद
Dnewsnetwork
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह ने आज सोलन के कण्डाघाट के ढेढ़घराट स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का औचक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जगत सिंह नेगी ने इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र में आधुनिक बागवानी विषय में प्रशिक्षण ले रहे बागवानों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने बागवानों से आग्रह किया कि आधुनिक कृषि एवं बागवानी के बारे में प्राप्त जानकारी को अन्य बागवानों के साथ साझा करें ताकि सभी आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीक, पौधरोपण एवं अन्य विषयों के बारे में जागरूक हो सकें।
उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्र में स्थापित नर्सरी का भी निरीक्षण किया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को उचित निर्देश दिए।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश में एच.पी. शिवा परियोजना के तहत वर्ष 2025-26 में 100 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं ताकि सेब के अतिरिक्त अन्य फलों की बागवानों को प्रोत्साहित किया जा सके और प्रदेश की जलवायु के अनुरूप नई किस्म के फलों को तैयार कर बागवानों की आर्थिकी को और मज़बूत बनाया जा सके। बागवानी मंत्री ने कहा कि राज्य में उष्ण कटिबंधीय बागवानी को बढ़ावा देने के लिए उष्ण कटिबंधीय फलों को उच्च घनत्व पौधरोपण के अंतर्गत लाया जा रहा है। इसके तहत 48 सिंचाई योजनाओं का कार्यान्वयन किया जा रहा है, जिससे लगभग 05 हजार किसान परिवार लाभान्वित होंगे। इस कार्य पर 200 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, बागवान एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।















