DNN सोलन, 05 दिसंबर
कंडाघाट के एक कोरियर मालिक व उसके कर्मचारियों की सतर्कता के चलते चरस तस्करी के एक नए तरीके का भंडाफोड़ हुआ है। यहां पर एक युवक ने कोरियर के माध्यम से अपने परिचित को चरस भेजने का प्रयास किया, लेकिन कोरियर मालिक व उसके कर्मचारियों की सतर्कता के चलते इस मामले का खुलासा हो गया और पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसपी गौरव सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 4 दिसंबर को अजय कुमार निवासी कंडाघाट ने थाना कंडाघाट में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि यह गांव रावली में कोरियर सर्विस की दुकान चलाता है। उसने पुलिस को बताया कि इसी दिन शाम के समय तीन लडक़े इसकी दुकान पर आए, जो पहले भी कई बार अपने कोरियर लेने यंहा आते रहे हैं। इनमें से एक लडक़े ने डिलवरी ब्वॉय चंद्र सिंह के पास एक पीले रंग का लिफाफा, जो काले रंग की टेप से सील किया हुआ था, दिया और कहा कि इसके अंदर फोटो फ्रेम है, इसे आराम से डिलीवर करवाना ताकि टूट-फूट न हो। इस लडक़े ने कहा कि इस पार्सल को कोच्चि भेजना है और उसने चंद्र सिंह के मोबाइल फोन पर गूगल-पे के माध्यम से 293 रुपए अदा किए। डिलीवरी ब्वॉय चंद्र सिंह एक बार फिर दुकान में आया और पार्सल को हिलाया तो अंदर से कई टुकड़ों की जैसी आवाजे आने का अहसास हुआ, जिससे इन्हें पार्सल को लेकर शक हुआ। इस पर इसने व चंद्र सिंह ने अपने आफिस में पार्सल पर लगी एक साइड से काले टेप को उखाड़ कर खोला तो अऩ्दर चॉकलेट का पैकेट पाया जिस पर काले रंग की टेप लगी हुई थी। जब उन्होंने चॉकलेट के पैकेट को भी खोल कर चैक किया तो अंदर दो छोटे पैकेट जैम्स, एक छोटी चॉकलेट और काले रंग की रोटी की शेप में छोटे पारदर्शी लिफाफों में लिपटे 8 पैकेट पाए गए। इन्होंने जब उनक पैकेट को सूंघा तो उन्हें यकीन हो गया कि इसमें मादक पदार्थ रखे हुए हैं। इन 8 पैकेट्स में करीब 80 ग्राम चरस पाई गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बताया कि तीनों लडक़े पार्सल के अंदर फोटो-फ्रेम भेजने का बहाना करके कूरियर के माध्यम से चरस भेजने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने बयान के आधार पर मामला दर्ज किया और तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त एक आरोपी 21 वर्षीय एकलव्य शर्मा निवासी सुभाषनगर जिला उधमपुर जम्मू-कश्मीर हिरासत में ले लिया है।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पाया गया है कि आरोपी इस पार्सल में अपने भाई, जो कोच्चि में नौकरी करता है, को चरस सप्लाई कर रहा था। आरोपी के अन्य साथियों से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकार्ड की पड़ताल की जा रही है। मामले में जांच जारी है।















