Solan 15 अप्रैल को ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह ठोडो मैदान में

Others Politics Solan

Dnewsnetwork
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल, 2026 को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। मनमोहन शर्मा आज यहां ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यातिथि सर्वप्रथम शहीदी स्मारक पर शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित करेंगे। मुख्यातिथि द्वारा प्रातः 11.00 बजे ठोडो मैदान में ध्वजारोहण किया जाएगा।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि समारोह में पुलिस व गृह रक्षक जवानों, एन.सी.सी, एन.एस.एस., स्काउट्स एंड गाइड्स, आपदा मित्र सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं परेड में भाग लेंगे। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों व अन्य संस्थानों की ओर से हिमाचल तथा विशेषतौर पर सोलन की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को इस समारोह के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने शहीदी स्मारक की साफ-सफाई, बैठने की समुचित व्यवस्था, मंच तथा मैदान की सजावट सहित अन्य सभी प्रबंध समय रहते पूर्ण करने को भी कहा।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूलों तथा अन्य संस्थानों की रिहर्सल 10 अप्रैल, 2026 को प्रातः 11.00 बजे शूलिनी मंच पर होगी।
बैठक की कार्यवाही का संचालन अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने किया।
हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति विकास निगम के प्रबंधक निदेशक अजय कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन राजकुमार चंदेल, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, सहायक आयुक्त सोलन नीरजा शर्मा, ज़िला चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अमित रंजन तलवार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।

News Archives

Latest News