DNN सोलन
कुमारहट्टी स्थित होम्योपैथिक मेडिकल कालेज में बुधवार को होम्योपैथिक के जनक डा. हैनीमन के 264वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कालेज कर्मचारियों व छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया तथा होम्योपैथिक के जन्मदाता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कालेज प्राचार्य डा. एनपी सिंह ने डा. हैनीमन को माल्यार्पण कर दीपप्रज्जवलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसरपर प्राचार्य ने होम्योपैथी की महत्ता तथा समसामयिक उपादेयता व सार्वभौमिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कालेज के विद्यार्थियों ने डा. हैनीमन की जीवनी व चिकित्सा विज्ञान को उनके अनुपमेय योगदान पर चर्चा की।
कालेज के प्रशासनिक अधिकारी विशाल शर्मा ने हिमाचल में होम्योपैथी के भविष्य व कालेज के योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की चल रही परीक्षाओं के उपरांत कालेज में सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं मई महीने के पहले सप्ताह में आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों के सर्वांगिण विकास हेतु प्रतिवर्ष विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती है। सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष डा. अर्चना द्विवेद्वी के मार्ग दर्शन में डा.अवनीश और डा.अमनदीप द्वारा मंच संचालन किया।















