DNN सोलन
हिमाचल प्रदेश ललित कला परिषद की ओर से गल्र्स सीनियर सेकंडरी स्कूल सोलन में हिमाचल दर्शन वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें परिषद के सदस्यों ने हिमाचल के ऐतिहासिक भवनों, इमारतों, प्राकृतिक सौंदर्य व धरोहरों की पेंटिंग की। इसमें डॉ. कामेश्वर शर्मा, डॉ. रोहित कुमार, अतुल शर्मा, मंजु धौल्टा, रीतू चौधरी, ममता वर्मा, सीताराम के अलावा डिग्री कॉलेज के छात्र पूर्ण थापा, नीलम, शगुन, श्वेता, मणिका, दिव्या, विकास, नीतू, गौरी ने अपनी कुची की जादूगरी को दिखाया। यह कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित किया गया। इसका तीसरा चरण सोमवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन सीसीआरटी नई दिल्ली के सौजन्य से किया गया। ललित कला परिषद हिमाचल प्रदेश ने सीसीआरटी प्रभारी दुर्गानंद शास्त्री का भी धन्यवाद किया।
ललित कला परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रधान डॉ. कामेश्वर शर्मा ने बताया कि गल्र्ज सीसे स्कूल सोलन शहर के बीचोंबीच स्थित है। यहां हिमाचल दर्शन के माध्यम से बच्चों को प्रदेश के ऐतिहासिक धरोहरों के साथ- साथ हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता की जानकारी मिलेगी। डॉ. शर्मा ने बताया कि यहां तीन चरणों में इन पेटिंग्स को अंतिम रूप दिया गया। पहले चरण में अप्रैल 2018 में तीन दिन तक चला। इसमें डिग्री कॉलेज सोलन के छात्रों ने भाग लिया। इसका दूसरा चरण 4 व 5 नवंबर 2018 को चला और अंतिम चरण सोमवार को संपन्न हुआ।















