DNN सोलन
प्रदेश के साथ सोलन जिले में भी 24 नवम्बर से 23 दिसम्बर तक डू नॉट हांक (हॉर्न न बजाएं) अभियान आरंभ किया गया है। यह जानकारी शनिवार को यहां इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने दी। विनोद कुमार ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण का मुख्य कारक बन कर उभरा है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय अनावश्यक रूप से हॉर्न बजाना ध्वनि प्रदूषण का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कुछ चालक अपने वाहन में निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले हॉर्न प्रयोग करते हैं जो प्रदूषण के साथ-साथ अनेक बार झगड़े का कारण भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि ध्वनि प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य पर अनेक प्रतिकूल प्रभाव पड़ते हैं। उपायुक्त ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण को नियन्त्रित करने के लिए नियम बनाए गए हैं, लेकिन नियमों की पूर्ण अनुपालना के लिए लोगों का जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों सहित सभी से आग्रह किया कि लोगों को हॉर्न न बजाएं अभियान से अवगत करवाएं तथा अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन सुरेश सिंघा ने इस अभियान के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। बैठक में इस संबन्ध में सामग्री भी वितरित की गई।















