SOLAN प्रत्येक माह की 15 को होंगी महिलाएं सम्मानित… जानिए क्यों

Others Solan

DNN सोलन (श्वेता)

उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 15 तारीख को उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा जिनके यहां बेटियों ने जन्म लिया है। इस दिवस को बेटी जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि माताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के संबंध में उपायुक्त सोलन की ओर से एक बधाई संदेश भी दिया जाएगा। विनोद कुमार आज यहां बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत गठित जिला टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। विनोद कुमार ने कहा कि देश एवं प्रदेश के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए समलिंगानुपात होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि समाज में लड़कों एवं लड़कियों की बराबर संख्या जहां विभिन्न विषमताओं को समाप्त करती है वहीं सभी को बराबरी के साथ जीवनयापन करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना लोगों को इस दिशा में जागरूक बनाने तथा महिलाओं तक उनके कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालयों द्वारा संयुक्त रूप से कार्यान्वित किया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि योजना की सफलता के लिए यह आवश्यक है कि सभी समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारी आशा वर्कर के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लोगों को जागरूक बनाने के लिए नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से गांव-गांव में प्रचार किया जा रहा है तथा पोस्टर एवं होर्डिंग लगाकर भी लोगों को जागरूक बनाया जा रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि पंचायत के परिवार रजिस्टर में बच्चों के जन्म का पंजीकरण अवश्य करवाएं।

बैठक में जानकारी दी गई कि सोलन जिला में नवम्बर 2018 में कुल 523 बच्चों का जन्म हुआ है। इनमें 270 लड़कियां तथा 253 लड़कें हैं। जिले में अक्तूबर 2018 में कुल 558 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया है। जिले के सभी 1281 आंगनबाड़ी केंद्रों में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। जिले में प्रसव पूर्व जांच अधिनियम का अक्षरशः पालन सुनिश्चित बनाया जा रहा है।

 

News Archives

Latest News