DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
16 अप्रैल। नगर निगम सोलन पर कांग्रेस ने अपना कब्जा कर लिया है। महापौर और उपमहापौर की चुनावी प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद नगर निगम सोलन के महापौर पूनम ग्रोवर व उपमहापौर राजीव कुमार कौड़ा बने। करीब अढ़ाई घण्टे की इस प्रक्रिया में कांग्रेस पार्टी ने एकजुट का परिचय भी दिया है।
बता दें कि सोलन नगर निगम के महापौर और उपमहापौर को लेकर आज फैंसला होना था। इसके लिए सुबह 11 बजे प्रक्रिया शुरू हो गई थी। भारतीय जनता पार्टी से जीते 07 पार्षद समेत 01 आजाद पार्षद व 09 कांग्रेस के पार्षद नगर निगम हाल ने पहुंचे। सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी के 07 पार्षदों व 01 आजाद पार्षद को शपथ दिलाई गई व इसके बाद महापौर और उपमहापौर की प्रक्रिया शुरू की गई। कांग्रेस पार्टी की एकजुटता दिखाई दी और लगभग डेढ़ बजे महापौर और उपमहापौर के नामों की घोषणा की गई।
जिसके बाद कांग्रेसियों ने सोलन शहर में रैली निकाली और लोगों का आभार जताया। आपको बताने की सोलन नगर निगम में कांग्रेस 9 सीटें लेकर बहुमत लेने में कामयाब हुई थी। जबकि भाजपा के हाथ 7 सीटें ही लगी थी और एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीती थी। जिसके बाद सोलन नगर निगम के मेयर व डिप्टी मेयर को लेकर क्रॉस वोटिंग होने की संभावना जताई जा रही थी जिसके चलते भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने अपने-अपने पार्षदों को शिमला में ही रखा था और शुक्रवार को चुनावी प्रक्रिया के दौरान ही उन्हें शिमला से सोलन लाया गया, लेकिन इसमें भाजपा को कामयाबी नहीं मिली और कांग्रेस दोनों ही सीटों पर कब्जा जमाने में कामयाब रही।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अनुराग चन्द्र शर्मा ने आज यहां नगर निगम सोलन के शेष 08 नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर 01 से निर्वाचित पार्षद मनीष कुमार, वार्ड नम्बर 02 से निर्वाचित पार्षद सुषमा शर्मा, वार्ड नम्बर 03 से निर्वाचित पार्षद रजनी, वार्ड नम्बर 05 से निर्वाचित पार्षद कुलभूषण, वार्ड नम्बर 06 से निर्वाचित पार्षद रेखा साहनी, वार्ड नम्बर 09 से निर्वाचित पार्षद शैलेन्द्र गुप्ता, वार्ड नम्बर 13 से निर्वाचित पार्षद मीरा आनंद तथा वार्ड नम्बर 16 से निर्वाचित पार्षद सीमा को शपथ दिलवाई गई।
तदोपरान्त नगर निगम सोलन के महापौर एवं उप महापौर का निर्वाचन सम्पन्न हुआ।
वार्ड नम्बर 08 से निर्वाचित पार्षद पूनम ग्रोवर को नगर निगम सोलन का महापौर एवं वार्ड नम्बर 14 से निर्वाचित पार्षद राजीव कुमार को उप महापौर चुना गया।
महापौर के निर्वाचन में वार्ड नम्बर 08 से निर्वाचित पार्षद पूनम ग्रोवर को 09 तथा वार्ड नम्बर 01 से निर्वाचित पार्षद मनीष कुमार को 08 मत पड़े।
उपमहापौर के निर्वाचन में वार्ड नम्बर 14 से निर्वाचित पार्षद राजीव कुमार को 09 तथा वार्ड नम्बर 09 से निर्वाचित पार्षद शैलेन्द्र गुप्ता को 08 मत पड़े।
अनुराग चन्द्र शर्मा ने इस अवसर पर नव निर्वाचित महापौर, उप महापौर एवं सभी सभी पार्षदों को बधाई दी।
इस अवसर पर नगर निगम सोलन के सभी नव निर्वाचित पार्षद, नगर निगम सोलन के आयुक्त एल.आर. वर्मा, सहायक आयुक्त (लीव रिर्जव) एच.एस. राणा सहित अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

















