SOLAN के इस क्षेत्र में मृत मिले दर्जनों कौवें फैली सनसनी, सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे

Others Solan

DNN सोलन

छावनी क्षेत्र सुबाथू की सीमा के साथ सटी ग्राम पंचायत जाडला के नयानगर और आसपास के गांवों में दर्जनों की संख्या में कौवों के मरने से सनसनी फैल गई है। लोगों को आशंका है कि पिछले दिनों फैली बर्ड फ्लू की बीमारी से यह कौवे तो नहीं मरे हैं। इस मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पशुपालन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं।


पिछले कुछ दिनों से नयानगर, आरला और भाली क्षेत्र में लोगों ने मरे हुए कौवे देखे थे। लोगों ने इस मामले की सूचना पंचायत प्रतिनिधियों को भी दी, लेकिन सभी ने इस मामले को हलके से लिया। जब मरे हुए कौवे जगह-जगह दिखाई देने लगे तो लोगों में दहशत फैल गई। लोगों का कहना है कि कौवे कभी भी ऐसे मरे हुए नहीं दिखाई देते और यदि कोई कौवा मरता है तो सैकड़ों कौवे एकत्रित हो जाते हैं, लेकिन इन मरे हुए कौवों के आसपास दूसरे कौवे फटक भी नहीं रहे हैं। आरला गांव के निवासी दिनेश ठाकुर ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में दर्जनों की संख्या में कौवे मरे हुए पाए जा रहे हैं और उन्हें जंगली जानवर भी खा रहे हैं। कई कौवे तो पानी में भी मरे हुए पाए गए हैं, जिससे जलस्त्रोतों के भी दूषित होने का खतरा बढ़ गया है। उधर, ग्राम पंचायत जाडला की प्रधान अंजुला भंडारी ने बताया कि उन्होंने भी स्वयं कई स्थानों पर मरे हुए कौवे देखे हैं। इस मामले में विभागों को सूचित कर दिया गया है।

इस बारे में कुनिहार के वन परिक्षेत्राधिकारी हितेंद्र गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारियों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। फिलहाल कुछ मरे हुए कौवे कर्मचारियों को मिले हैं और उन्हें कब्जे में ले लिया गया है। वहीं, पशुपालन विभाग सोलन के उपनिदेशक बी.बी. गुप्ता ने बताया कि मरे हुए कौवों के सैंपल लेकर जांच के लिए जालंधर की प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे और उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कौवों की मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

News Archives

Latest News