DNN धर्मपुर(सोलन) ब्यूरो (आदित्य सोफत)
04 मार्च। धर्मपुर के साथ लगती कंडा पंचायत के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पुराने तीन कमरों में अचानक आग भयानक लग गई। गनीमत यह रही कि आग की लपटें साथ लगते राजकीय प्रारंभिक पाठशाला कंडा तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा नुकसान होने से बच गया। स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना उपमंडल अधिकारी कसौली पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही सभी मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने का कार्य चला हुआ था। हालांकि, अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार राजकीय प्रारंभिक पाठशाला कंडा के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंडा के तीन पुराने भवन में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि इन कमरों में स्कूल का पुराना सामान व फर्नीचर पड़ा हुआ था। आग से दो कमरों में रखा गया सामान पूरी तरह से जल गया। तीसरे कमरे के सामान (फर्नीचर इत्यादि) को स्थानीय लोगों द्वारा सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग को लगा देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और इस बारे जानकारी प्रशासन को दी गई। समय रहते स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। उधर, स्थानीय निवासी सुंदरम ठाकुर ने बताया कि आग को काबू पाने के लिए सभी लोगों ने खूब मेहनत की। तुरन्त कुछ सामान को बाहर निकाल लिया गया।
इस मामले की पुष्टि उपमंडल अधिकारी कसौली संजीव कुमार धीमान ने की है। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद तुरंत नायब तहसीलदार कसौली को मौके पर भेजा गया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। पुलिस को भी इस बारे में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
















