Dnewsnetwork
सोलन, 17 जुलाई : सोलन जिला पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 20.11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की है। दोनों मामलों में चार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
मामलों की जानकारी देते हुए एएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि पहले मामले में पुलिस थाना कुनिहार के अंतर्गत पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार सुमित शर्मा (22 वर्ष) तहसील रामशहर तथा गुरमीत पाल (31 वर्ष), निवासी नालागढ़ के कब्जे से 2.19 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के नोटिस के तहत पाबंद किया गया है। उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
दूसरे मामले में पुलिस थाना सदर के तहत एसआईयू टीम ने कुमारहट्टी की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार को नाकाबंदी के दौरान जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार तनजिन गेशे नेगी (29 वर्ष), निवासी किन्नौर तथा अश्वनी कुमार (29 वर्ष) निवासी मंडी के कब्जे से 17.92 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा मामले में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच जारी है।














