DNN सोलन
सोलन जिला में नशे की तस्करी करने वालों की कमर तोड़ने वाली टीम के 2 सदस्यों को डीजी डिस्क अवार्ड मिलेगा। सोलन जिला पुलिस की एसआईयू टीम के 2 सदस्यों का डीजी डिस्क अवार्ड के लिए चयन किया गया। वर्ष 2019 में नशा तस्करों की कमर तोडऩे में इस टीम को बेहतर कार्य करने के लिए यह अवार्ड दिया जाएगा। कुछ वर्ष पहले तक सोलन में चरस व हैरोइन की तस्करी काफी ज्यादा बढ़ गई थी। इसके बाद विशेष तौर पर हैरोइन तस्करों पर शिकंजा कसने की जिम्मेवारी एसआईयू टीम को दी गई थी। टीम में तैनात हैड कांस्टेबल कुलदीप कंवर व कांस्टेबल भुपेंद्र सिंह द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत जबरदस्त कार्य करने के लिए इन दोनों को डीजी डिस्क अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। पिछले वर्ष से लेकर अब तक एसआईयू की टीम एनडीपीएस एक्ट के करीब 40 मामले दर्ज कर चुकी है। ऐसे मामलों में अभी तक 60 के करीब लोगों को गिरफ्तार भी कर चुकी है। नशा तस्करों के खिलाफ यह टीम जबरदस्त कार्य कर रही है।
इसके अलावा सोलन के धर्मपुर में तैनात इंस्पेक्टर दया राम को भी परवाणू से सोलन तक फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान हाईवे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने व पीओ सैल के एचएचसी मदन गोपाल को भी अच्छा कार्य करने के लिए यह अवार्ड दिया जाएगा।















