DNN सोलन
जिला से आज कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के लिए 226 व्यक्तियों के रक्त नमूने केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली भेजे गए। यह जानकारी आज यहां जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एनके गुप्ता ने दी।
डाॅ. गुप्ता ने कहा कि इन 226 रक्त नमूनों में से क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से 12, ईएसआई काठा से 11, नागरिक अस्पताल बद्दी से 44, नागरिक अस्पताल अर्की से 09, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ से 111, नागरिग अस्पताल कण्डाघाट से 16, एमएमयू अस्पताल सुल्तानपुर से 02 तथा ईएसआई बरोटीवाला से 21 सैम्पल कोरोना वायरस संक्रमण जांच के लिए भेजे गए हैं।
उन्होंने कहा कि गत दिवस भेजे गए सभी 198 सैम्पल की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है।
डाॅ. गुप्ता ने बाहरी राज्यों से प्रदेश में आने वाले लोगों से आग्रह किया कि वे क्वारेनटाइन सम्बन्धी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें। उन्होंने कहा कि इन नियमों की अनुपालना न केवल बाहर से आने वाले व्यक्तियों के परिवारों अपितु समाज को किसी भी प्रकार के संक्रमण से बचाने में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि किसी के यहां कोई किराएदार क्वारेनटाइन है तो उसे घर से न निकालें। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर क्वारेनटाइन चक्र टूट जाएगा और कोरोना वायरस संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ जाएगी।
डाॅ. गुप्ता ने सभी से आग्रह किया कि खांसी, जुखाम, बुखार या सांस लेने में तकलीफ होने पर शीघ्र समीप के स्वास्थ्य संस्थान से सम्पर्क करें। इस सम्बन्ध में किसी भी सहायता के लिए हैल्पलाईन नम्बर 104 तथा दूरभाष नम्बर 221234 पर सम्पर्क किया जा सकता है।















