SOLAN जिला में 60 लाख रुपए से अधिक की FD पात्र कन्याओं के नाम

Kasauli Solan

DNN कसौली

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने समाज के सभी वर्गोें का आह्वान किया कि लड़का-लड़की में भेद न करें और लड़कियों को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करें। डाॅ. सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के गढ़खल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
डाॅ. सैजल ने कहा कि केन्द्र तथा प्रदेश सरकार ने लड़कियों को प्रत्येक क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं आरम्भ की है । बेटी है अनमोेल योजना के तहत बीपीएल परिवारों की कन्या के जन्म के समय बैंक अथवा डाकघर में 12,000 रुपए की एफडी करवाई जाती है। यह राशि ब्याज सहित कन्या को 18 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में वर्ष 2019-20 में बेटी है अनमोल योजना के तहत 60 लाख रुपए से अधिक की एफडी पात्र कन्याओं के नाम की गई हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि राज्य में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसके माध्यम से जहां लोगों को कन्या शिशु के प्रति जागरूक करने में सहायता मिली है वहीं समाज में सकारात्मक चेतना भी आई है। उन्होंने कहा कि अकेले सोलन जिला में ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत गत एक वर्ष में 22 लाख रुपए व्यय किए गए हैं।
डाॅ. सैजल ने कहा कि राज्य में सशक्त महिला योजना के तहत 11 वर्ष से 45 वर्ष की किशोरियों एवं महिलाओं को न केवल उनके अधिकारोें के प्रति जागरूक बनाया जा रहा है अपितु उनका कौशल विकास भी किया जा रहा है। योजना के तहत राज्य की सभी 3226 ग्राम पंचायतों, नगर निगमों एवं नगर पंचायतों में 93 महिला शक्ति केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में ऐसे लड़कों को सम्मानित किया जाना चाहिए जिनका लड़कियों के प्रति व्यवहार अच्छा हो। इससे व्यवहारिक एवं मानसिक स्तर पर कन्याओं के प्रति सकारात्मक वातावरण सृजित करने में सहायता मिलेगी।
डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर कन्याओं का अन्न प्राशन संस्कार सम्पन्न करवाया, बेटी जन्मोत्सव पर कन्याओं को सम्मानित किया, मातृ वन्दना योजना के तहत लाभार्थियों के साथ सेल्फी ली तथा उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए ग्राम पंचायत रौड़ी, चम्मो, जाबल जमरोट, हरिपुर तथा कैंट बोर्ड कसौली की लड़कियों को सम्मानित किया। उन्होंने गर्ल एचीवर साईनबेार्ड का अनावरण भी किया।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

News Archives

Latest News