DNN सोलन
हिमाचल प्रदेश में सातवीं आर्थिक गणना के तहत सोलन जिला के लिए भी यह कार्य आरंभ हो गया है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सोलन विवेक चंदेल ने गत सांय सोलन जिला के लिए आर्थिक गणना के कार्य का शुभारंभ किया। जिला में 30 नवंबर, 2019 तक आर्थिक गणना की जाएगी।
विवेक चंदेल ने इस अवसर पर कहा कि देश में सभी आर्थिक प्रतिष्ठानों के परिचालन एवं अन्य संरचनागत पहलुओं पर सूचनाएं उपलब्ध करवाने के लिए आर्थिक गणना करवाई जाती है। यह कार्य केन्द्रीय सांख्यकी एवं कार्यक्रम मंत्रालय द्वारा किया जाता है। आर्थिक गणना के तहत आर्थिक गतिविधियों में सम्मिलत प्रतिष्ठानों के भौगोलिक विस्तार, आर्थिक गतिविधियों के समूहों इत्यादि के विषय में संपूर्ण जानकारी एकत्र की जाती है।
उन्होंने कहा कि सांख्यकी संग्रहण अधिनियम, 2008 के प्रावधानों के तहत सोलन जिला के सभी परिवारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों संबंधी आंकड़ों को घर-घर जाकर सर्वेक्षण के माध्यम से एकत्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गणना के तहत एकत्र किए गए आंकड़ों को पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा। इन आंकड़ों का प्रयोग केवल विकासीय योजना एवं सांख्यकी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एकत्र किए गए आंकड़ांे के संग्रहण एवं उचित कार्यवाही के उपरांत सातवीं आर्थिक गणना के परिणामों को जारी किया जाएगा।
विवेक चंदेल ने कहा कि प्रदेश में सातवीं आर्थिक गणना का कार्य 26 अगस्त, 2019 से कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सोलन जिला के लिए यह कार्य 11 सितंबर 2019 से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक गणना से एकत्र जानकारी जिला में उद्यमों की वास्तविक आर्थिक स्थिति जानने व लोगों के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में सहायक सिद्ध होगी। इससे रोजगार के अधिक से अधिक अवसर सृजित करने में सहायता मिलेगी।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने कहा कि आर्थिक गणना से संबंधित जानकारी के लिए समर्पित निःशुल्क सुविधा नंबर उपलब्ध करवाया गया है। इस टोल फ्री नंबर 1800-3000-3468 से नागरिक इस संबंध में पूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने जिला के सभी नागरिकों से आग्रह किया कि सातवीं आर्थिक गणना-2019 के लिए अपने क्षेत्र में नियुक्त प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का सहयोग करें ताकि सही जानकारी प्राप्त कर जिला में इस कार्य को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर जिला समन्वयक समिति के सदस्य एवं श्रम अधिकारी बद्दी मुनीष करोल, श्रम अधिकारी सोलन जितेंद्र बिन्द्रा, अनुसंधान अधिकारी सोलन विजेंद्र सिंह मेहता, सहायकय अनुसंधान अधिकारी लक्ष्मीकांत, जिला प्रबंधक ई-गर्वनेंस निशा, जिला प्रबंधक सीएससी ई-गवर्नेस सर्विस इंडिया प्राईवेट लिमिटिड अमरीश पुरी सहित अन्य अधिकारी तथा प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।















